गोवर्धन राजक (धनबाद):गोविंदपुर (धनबाद): गोविंदपुर पुलिस के सहयोग से ओडिशा और वाराणसी की पुलिस ने अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों में छापेमारी कर कुल आठ अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिनमें तीन डकैती और पांच साइबर अपराध के मामले में संलिप्त थे।
ओडिशा पुलिस ने डकैतों को दबोचा
पुलिस इंस्पेक्टर विष्णु प्रसाद राउत के अनुसार, ओडिशा के क्योंझर थाना कांड संख्या 60/26 के तहत डकैती मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपियों में महुबनी निवासी रिजवान अंसारी, अमरपुर निवासी असगर अंसारी और ऊपर बाजार निवासी मानिक रविदास शामिल हैं। इन पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 310(2) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। कागजी कार्रवाई के बाद ओडिशा पुलिस इन्हें अपने साथ ले गई है।
वाराणसी साइबर पुलिस की कार्रवाई: पिता-पुत्र समेत 5 गिरफ्तार
दूसरी ओर, वाराणसी साइबर क्राइम पुलिस ने कांड संख्या 46/25 के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए अभियुक्तों में काला डाबर निवासी फकरुद्दीन अंसारी उर्फ निरंजन अंसारी और उसके दो बेटे नसीम अंसारी व शमीम अंसारी शामिल हैं। इसके अलावा शहाबुद्दीन अंसारी (काला डाबर) और साहेब लाल मरांडी (निरसा) को भी दबोचा गया है।
बरामदगी और फर्जीवाड़ा
पुलिस ने इन साइबर अपराधियों के पास से भारी मात्रा में संदिग्ध सामान बरामद किया है, जिसमें शामिल हैं:
नगद: 66 हजार रुपये।
वाहन: एक बिना नंबर की ब्रेजा कार।
दस्तावेज: मुखिया की मुहर व लेटर पैड, 5 ब्लैंक आधार कार्ड और अपडेट फॉर्म।
इलेक्ट्रॉनिक उपकरण: चार मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड।
माना जा रहा है कि आरोपी मुखिया की मुहर और लेटर पैड का इस्तेमाल फर्जी दस्तावेज बनाने और बैंक खातों के केवाईसी अपडेट के नाम पर लोगों से ठगी करने में करते थे। सभी आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर वाराणसी ले जाया गया है।