मोतिहारी, 31 जुलाई। पूर्वी चंपारण के घोड़ासहन प्रखंड में प्रशासन ने नकली उर्वरक के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध गोदाम पर छापेमारी कर भारी मात्रा में नकली उर्वरक एवं उसे तैयार करने में प्रयुक्त सामग्री बरामद की है।

जानकारी के अनुसार 29 जुलाई 2026 की रात अवैध उर्वरक से लदे एक पिकअप वाहन को पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान मिली निशानदेही के आधार पर प्रशासनिक एवं पुलिस टीम ने चंदनबारा गांव स्थित मदनी चौक के समीप मेसर्स अंश ट्रेडर्स, प्रोपराइटर श्री खलीकुर्रहमान के गोदाम पर छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान गोदाम से नकली डीएपी, एमओपी, सफेद रंग के खाली बोरे, स्टिचिंग मशीन, लगभग 20 टन नमक, ऑक्सीजन सिलेंडर सहित उर्वरक तैयार करने में प्रयुक्त अन्य सामग्री बरामद की गई। बरामद सामग्री को देखकर प्रथम दृष्टया यह प्रतीत हो रहा है कि गोदाम में नकली उर्वरक तैयार करने का कार्य किया जा रहा था।

प्रशासन द्वारा जब्त किए गए उर्वरकों एवं अन्य सामग्री की गिनती की जा रही है। मामले में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इस संयुक्त छापेमारी अभियान में अनुमंडल पदाधिकारी सिकरहना, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिकरहना, ढाका एवं घोड़ासहन थाना की पुलिस, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी सिकरहना तथा प्रखंड कृषि पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों के साथ खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।