सहरसा।जिले में जन सुराज पार्टी को संगठनात्मक रूप से मजबूत करने की दिशा में अहम कदम उठाते हुए बुधवार को जिला कार्यालय में सलाहकार समिति और जिला स्तरीय पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की गई। प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने नई टीम की सूची जारी की।
घोषणा के अनुसार, कुमार अमृत राज को सहरसा का जिलाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं प्रभात अस्थाना को महामंत्री, रतन राय को कोषाध्यक्ष सह कार्यालय प्रभारी, नीलू देवी को महिला अध्यक्ष तथा फैज़ुर रहमान और प्रियंका झा को मुख्य प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा रविंद्र कुमार उर्फ मंटू यादव को युवा अध्यक्ष और हरेंद्र कुमार खाँ को किसान प्रकोष्ठ का अध्यक्ष बनाया गया है।
नवनियुक्त पदाधिकारियों को कार्यक्रम के दौरान पुष्पमाला पहनाकर पदभार ग्रहण कराया गया। इस मौके पर प्रदेश महासचिव सुभाष कुशवाहा और नवल किशोर सिंह भी उपस्थित रहे।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष कुमार अमृत राज ने कहा कि जन सुराज पार्टी को गांव-गांव और पंचायत स्तर तक मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी जनता के बीच रहकर उनके मुद्दों को प्राथमिकता से उठाएगी और संगठन को जमीनी स्तर पर विस्तार दिया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने बताया कि कोसी क्षेत्रीय कोर कमिटी की अनुशंसा के आधार पर सहरसा जिला की नई टीम का गठन किया गया है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को बधाई देते हुए निर्देश दिया कि 15 दिनों के भीतर अपनी-अपनी जिला कमिटी की सूची क्षेत्रीय कमिटी को सौंपें, ताकि संगठन का विस्तार तेजी से हो सके।
जिला सलाहकार समिति में शिशिर कुमार झा, राम अवतार पंडित, नौशाद आलम, अरविंद यादव और सिकंदर चौधरी सहित कई वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है।