वाराणसी में धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में देव दीपावली को भव्य और दिव्य बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वाराणसी में गंगा महोत्सव और देव दीपावली की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए. मुख्यमंत्री ने कहा कि देव दीपावली काशी की पहचान और सांस्कृतिक विरासत का गौरवशाली पर्व है. ऐसे में पिछले वर्षों के अनुभवों से सीख लेते हुए इस बार बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं. समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष गंगा महोत्सव का आयोजन 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर किया जाएगा. चारों दिन सांस्कृतिक संध्या आयोजित होगी, जिसमें स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी जाएगी. वहीं, देव दीपावली के अवसर पर काशी के सभी पक्के घाटों, गंगा के सामने रेतीले तट और शहर के 100 से अधिक कुंडों पर 11 लाख से ज्यादा दीप जलाए जाएंगे. इसमें स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए दीपक भी शामिल होंगे. मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि दीपोत्सव का आयोजन केवल गंगा घाटों तक सीमित न रहे, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों के साथ सारनाथ, मार्कण्डेय महादेव मंदिर, शूलटंकेश्वर मंदिर और प्रमुख कुंडों पर भी विशेष इंतजाम किए जाएं. 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती के अवसर पर गुरुद्वारों में लंगर, कीर्तन और संगत के लिए भी समुचित व्यवस्था करने को कहा गया. अधिकारियों के मुताबिक, 24 नवंबर की शाम सभी घाटों पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे. दशाश्वमेध घाट पर भव्य गंगा महाआरती होगी. इसके बाद चेतसिंह घाट पर प्रोजेक्शन और लेजर शो, दशाश्वमेध व अस्सी घाट के सामने ड्रोन शो और काशी विश्वनाथ धाम घाट के सामने ग्रीन आतिशबाजी का प्रदर्शन किया जाएगा. देव दीपावली और कार्तिक पूर्णिमा स्नान के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. पूरे घाट क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में बांटा गया है. सुरक्षा के लिए 27 वॉच टावर, क्यूआरटी, ड्रोन कैमरे, निजी गोताखोर और 21 प्रमुख घाटों पर एंटी-रोमियो स्क्वॉड तैनात रहेंगे. इसके अलावा 11 खोया-पाया केंद्र बनाए जाएंगे. एनडीआरएफ, फ्लड पीएसी, जल पुलिस और वॉटर एम्बुलेंस भी लगातार निगरानी करेंगी.