संवाददाता राजन साहू

कानपुर, 26 अगस्त। पुलिस आयुक्त के निर्देशन में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कलक्टरगंज पुलिस ने 2 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी के 7 लेनोवो टैबलेट और 8 आइपैड बरामद किए गए हैं।

*मार्बल्स मार्केट से हुई थी चोरी*  
23 अगस्त को थाना कलक्टरगंज क्षेत्र स्थित मार्बल्स मार्केट में एक सवारी वाहन से 2 झोले चोरी हो गए थे। झोलों में टैबलेट और आइपैड रखे थे। पीड़ित की तहरीर पर कलक्टरगंज पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

*सीसीटीवी और मुखबिर से खुला राज*  
घटना के अनावरण के लिए पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। 26 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जाजमऊ और चमनगंज क्षेत्र से 2 आरोपियों को दबोच लिया।

*दोनों आरोपी गिरफ्तार*  
पकड़े गए आरोपियों की पहचान समीर पुत्र रज्जाक उर्फ नोचरी निवासी सरनिया बाजार जाजमऊ उम्र 21 वर्ष और नसीम पुत्र अमीन निवासी मोहम्मद अली पार्क चमनगंज उम्र 48 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से 7 लेनोवो टैबलेट, 8 आइपैड और घटना में प्रयुक्त ऑटो संख्या UP78KT6927 बरामद किया है।

*पहले भी दर्ज है मुकदमा*  
पुलिस के अनुसार समीर के खिलाफ पहले से कलक्टरगंज थाने में चोरी का मुकदमा दर्ज है। दोनों आरोपियों को विधिक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।