शिकारीपाड़ा (दुमका):रफ्तार मीडिया।ललित कुमार पाल।

सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय की अंगीभूत इकाई डिग्री कॉलेज, शिकारीपाड़ा में बुधवार को संविधान दिवस के उपलक्ष्य में एक-दिवसीय सेमिनार का भव्य आयोजन किया गया। सेमिनार का मुख्य विषय “सामाजिक न्याय एवं सहिष्णु समाज की स्थापना में भारतीय संविधान की भूमिका : विकसित भारत संकल्पना के विशेष संदर्भ में” रहा।
संगोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य एवं राजनीतिशास्त्र के प्राध्यापक डॉ. सुबोध प्रसाद रजक ने सभी अतिथियों का स्वागत व स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया तथा विषय की प्रासंगिकता को रेखांकित किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता श्री अमिताभ बी. सोरेन ने समाज को अनुशासन और नियम में बांधे रखने में संविधान की महत्ता पर प्रकाश डाला।
सेमिनार की मुख्य वक्ता (स्नातकोत्तर इतिहास विभाग, एसकेएमयू) डॉ. अमिता कुमारी ने न्याय और सहिष्णुता के विभिन्न आयामों की चर्चा करते हुए आदिवासीयत और लैंगिक (जेंडर) दृष्टिकोण से संविधान की समाज-निर्माणकारी भूमिका को स्पष्ट किया। वहीं, बीज वक्ता के रूप में स्नातकोत्तर समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. सुजीत कुमार सोरेन ने कहा कि संविधान की आत्मा भारत के सामाजिक इतिहास और सांस्कृतिक विरासत में निहित है, जिसका मूर्त रूप 1950 में सामने आया। उन्होंने समावेशी विकास के लिए शिक्षा पर विशेष बल दिया। स्नातकोत्तर बांग्ला विभागाध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार शील ने संविधान के प्रमुख अनुच्छेदों का उल्लेख करते हुए कहा कि सामाजिक भावनाएं और विभिन्न भाषाएं समाज को तोड़ने का नहीं, बल्कि जोड़ने का कार्य करती हैं।

दो पुस्तकों का हुआ विमोचन:
इस अवसर पर विगत 15 मई को आयोजित राष्ट्रीय सेमिनार के शोध-पत्रों के संकलन 'जल, जंगल, जमीन' का विमोचन किया गया, जिसका परिचय कन्वेनर डॉ. ऐनुल बारी ने दिया और शीघ्र ही इसका अगला भाग प्रकाशित करने की बात कही। साथ ही, शिकारीपाड़ा महाविद्यालय, शिकारपाड़ा की भौतिकी की सहायक प्राध्यापक आबिदा खानम द्वारा लिखित पुस्तक "The Fundamental Of Classical Mechanics" 
का भी विमोचन हुआ, जिसकी समीक्षा (बुक रिव्यू) डिग्री कॉलेज के भौतिकी प्राध्यापक डॉ. किशोर खर्कवाल ने प्रस्तुत की।
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन समाजशास्त्र विभाग के सहायक प्राध्यापक वरुण कुमार ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, शिक्षकेतर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।