स्थान: मोतिहारी, पूर्वी चंपारण
संवाददाता: ओमप्रकाश तिवारी
बिहार सरकार के "सेवा, संकल्प एवं समर्पण" के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर पूर्वी चंपारण जिला प्रशासन ने विकास एवं जनकल्याण के क्षेत्र में हासिल उपलब्धियों को जनता के सामने रखा। इस अवसर पर मोतिहारी स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद भवन के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पटना से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के राज्यस्तरीय संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया, जिसमें प्रभारी जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी जिला पदाधिकारी मुकेश कुमार सिंहा ने कहा कि पिछले 100 दिनों में जिला प्रशासन ने सरकार की जनहितकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से पूरी प्रतिबद्धता और पारदर्शिता के साथ कार्य किया है। उन्होंने बताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, सामाजिक सुरक्षा, कृषि, रोजगार, ऊर्जा, ग्रामीण विकास, पंचायत सशक्तीकरण तथा महिला एवं बाल विकास जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है।
उन्होंने कहा कि जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में आधारभूत संरचनाओं के विकास के साथ-साथ सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया गया है। सहयोग शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों तक सरकारी सेवाओं की पहुंच बढ़ाई गई, जबकि आयुष्मान भारत योजना, राशन कार्ड निर्माण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राजस्व एवं भूमि संबंधी सेवाएं, पंचायत सरकार भवन, जल-जीवन-हरियाली, सौर ऊर्जा, उद्यमिता एवं रोजगार सृजन तथा शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण उपलब्धियां प्राप्त हुई हैं।
उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन भविष्य में भी इसी समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ जनसेवा एवं विकास कार्यों को आगे बढ़ाता रहेगा। उन्होंने आम नागरिकों के सहयोग और विश्वास के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विकास, सुशासन एवं जनकल्याण की यह यात्रा आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
कार्यक्रम में प्रभारी जिला पदाधिकारी मुकेश कुमार सिंहा, उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार, एडीएम पीजीआरओ शैलेंद्र कुमार भारती, एडीएम विभागीय जांच मो. सिबगतुल्लाह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।