शिकारीपाड़ा/दुमका /ललित कुमार पाल।


विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के अंतर्गत मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देशानुसार शिकारीपाड़ा  विधानसभा क्षेत्र सरसाजोल स्थित  डिग्री कॉलेज शिकारीपाड़ा में एक विशाल मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं कुशल संचालन कॉलेज के प्राचार्य डॉ० सुबोध प्रसाद रजक द्वारा किया गया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र युवाओं और नागरिकों का नाम मतदाता सूची में पंजीकृत कराना तथा उन्हें पूरी निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना था।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने एवं विलोपन से जुड़ी प्रक्रियात्मक जानकारियों से विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया। छात्र-छात्राओं को प्रपत्र-6, प्रपत्र-7 एवं प्रपत्र-8 के सही उपयोग तथा दावा एवं आपत्ति की पूरी व्यवस्था समझाई गई। इसके साथ ही, युवा मतदाताओं को डिजिटल माध्यमों से जोड़ने के लिए मौके पर ही ECINET ऐप डाउनलोड कराया गया और इसकी ऑनलाइन सेवाओं के उपयोग की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर कॉलेज के प्रमुख शिक्षकों डॉ० नजीम रमन, डॉ० ऐनुल बारी, डॉ० अशोक कुमार भारती, डॉ० किशोर चंद्र, वरुण कुमार, बबलू मुर्मू के साथ-साथ जिला निर्वाचन कार्यालय के हेल्प डेस्क मैनेजर जयंत कुमार एवं अमित मुर्मू भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मतदाता पंजीकरण, वोटर लिस्ट में नाम जांचने या किसी भी प्रकार के ऑनलाइन आवेदन के लिए भारत निर्वाचन आयोग (ECI) के आधिकारिक पोर्टल पर विजिट कर सकते हैं।