दीपचंद्र दीक्षित /फर्रुखाबाद। जनपद के नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव कक्योली के नगला बदकनी में बीती रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब गांव निवासी सोनेलाल पुत्र कोमल प्रसाद सगर के छप्पर में अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। देर रात लगी इस आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते पूरे छप्पर को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत शोर मचाकर अन्य लोगों को बुलाया और सभी ने मिलकर बाल्टी, पानी और उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कड़ी मशक्कत और करीब एक घंटे की मेहनत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया, जिससे आग पास के अन्य छप्परों और मकानों तक फैलने से बच गई।
हालांकि तब तक छप्पर में रखा सारा घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। पीड़ित परिवार के अनुसार, आग में अनाज, कपड़े, बिस्तर, बर्तन सहित दैनिक उपयोग की सभी आवश्यक वस्तुएं नष्ट हो गईं, जिससे परिवार के सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है।
घटना की सूचना संबंधित राजस्व विभाग को देने के लिए पीड़ित द्वारा क्षेत्रीय लेखपाल से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। पीड़ित ने सीएम हेल्पलाइन नंबर 1076 पर कॉल कर सूचना दर्ज कराई ।  इससे पीड़ित परिवार को तत्काल राहत मिल सके । ग्रामीणों ने भी प्रशासन से नाराजगी जताते हुए कहा कि ऐसी आपात स्थिति में जिम्मेदार अधिकारियों का संपर्क में न होना गंभीर लापरवाही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे इस कठिन परिस्थिति से उबर सकें। साथ ही आग लगने के कारणों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की भी मांग उठाई गई है।