संवाददाता राजन साहू / कानपुर।
नवरात्रि और दशहरा पर्व पर शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए चलाए जा रहे ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ और जिलाधिकारी के आदेश पर सहायक आयुक्त (खाद्य)-II संजय प्रताप सिंह के निर्देशन में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में 14 और 15 अक्टूबर को 12 ई-कॉमर्स स्टोर और वेयरहाउस का निरीक्षण किया गया।
जांच में बिग बास्केट पनकी, जेप्टो स्टोर स्वरूप नगर और कटरी ख्योरा नवाबगंज सहित कई प्रतिष्ठानों से मूंगफली, सेंधा नमक, साबूदाना, कुट्टू आटा, शहद समेत कुल 15 नमूने संदेह के आधार पर लेकर प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
टीम को जेप्टो स्टोर स्वरूप नगर में कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र नहीं मिले, खाद्य और अखाद्य पदार्थ एक साथ रखे मिले और पेस्ट कंट्रोल के अभिलेख नहीं मिले। वहीं जेप्टो स्टोर कटरी ख्योरा में रख-रखाव ठीक नहीं मिला, टाइल्स टूटी और रैक में जंग लगी मिली। दोनों जगह सुधार नोटिस जारी किया गया है।
इसके अलावा इंस्टा मार्ट किदवई नगर, ब्लिंकिट लाजपत नगर, ब्लिंकिट हरजेंद्र नगर लाल बंगला, ज्विप्टो जाजमऊ, फ्लिपकार्ट जाजमऊ, इंस्टा मार्ट काकादेव, अमेजन जूही, ब्लिंक कॉमर्स गांधी नगर और आरआर विजन वेंचर जूही कला में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक पाई गई।
विभाग ने मिठाई प्रतिष्ठानों पर निर्माण तिथि, उपयोग अवधि और कुकिंग मीडियम प्रदर्शित कराने के भी निर्देश दिए हैं।