रफ्तार मीडिया संवाददाता/मिहिजाम

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मिहिजाम नगर द्वारा कृष्णा आईटीआई में युवाओं एवं छात्र-छात्राओं के लिए एक विशेष नागरिक कर्तव्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से देवघर विभाग प्रचारक बिगेद्र का सानिध्य प्राप्त हुआ। उनके साथ कृष्णा, निखिल, अनिमेष एवं सौरव भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि किसी भी समर्थ राष्ट्र का निर्माण केवल अधिकारों की मांग से नहीं, बल्कि नागरिक कर्तव्यों के ईमानदारी से पालन द्वारा ही संभव है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित में अपनी सहभागिता दर्ज कराने की अपील की। आयोजन के दौरान युवाओं को पर्यावरण संरक्षण, सड़क सुरक्षा, सफाई, स्वास्थ्य, नशा और गुटखा जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने ध्यान दिलाया कि सार्वजनिक स्थानों पर गुटखा थूकने से न केवल गंदगी फैलती है, बल्कि इसकी सफाई पर सरकार को प्रतिवर्ष करोड़ों रुपये व्यय करने पड़ते हैं। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी समझे, तो एक स्वच्छ, स्वस्थ और अनुशासित समाज की स्थापना सहज हो जाएगी। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं युवाओं ने एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में समाज और राष्ट्रहित में हमेशा सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।