दिनेश कुमार रजक/रफ्तार मीडिया संवाददाता/मिहिजाम
खेल और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम रविवार को हरिपाड़ा में देखने को मिला। बजरंग क्लब द्वारा आयोजित एक दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट ने क्षेत्र के युवाओं में नई ऊर्जा का संचार किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ सांसद प्रतिनिधि अशोक मंडल ने खिलाड़ियों से परिचय लेकर और फुटबॉल को किक मारकर किया। उन्होंने कहा कि खेल सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि युवाओं को अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ जीवन जीने की प्रेरणा देता है। खेल के मैदान से जुड़े युवा नशे जैसी बुराइयों से दूर रहते हैं और समाज के लिए आदर्श बनते हैं। टूर्नामेंट में विभिन्न टीमों ने दमदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। मैदान पर खेल भावना और आपसी सौहार्द की मिसाल भी देखने को मिली। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष सह केंद्रीय समिति सदस्य, जिला युवा कोषाध्यक्ष, वार्ड पार्षद, अल्पसंख्यक नगर अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित थे। पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में उत्साह और खेल के प्रति जागरूकता का माहौल रहा।