दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता
मोहर्रम के अवसर पर झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने शुक्रवार को जामताड़ा जिले के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर अखाड़ा प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने युवाओं के साथ अखाड़े में उतरकर लाठी और तलवार भांजी तथा पारंपरिक युद्धकला का प्रदर्शन कर उनका उत्साह बढ़ाया। मंत्री का यह अंदाज कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा और लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका स्वागत किया। डॉ. इरफान अंसारी ने नारायणपुर प्रखंड के पतरोडीह, रिंगो-चिंगो, छायाटांड़, राजाभीठा, नारायणपुर, लोकनिया सहित जामताड़ा और मिहिजाम के कई अखाड़ों का दौरा किया।उन्होंने युवाओं के जोश, अनुशासन और पारंपरिक कला की सराहना करते हुए कहा कि यह हमारी सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। मंत्री ने युवाओं से कहा जिस लगन और अनुशासन के साथ आप अखाड़ों में लाठी-तलवार चलाते हैं, उसी जुनून के साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी आगे बढ़ें। अखाड़े की जीत सम्मान दिलाती है, लेकिन शिक्षा जीवन में पहचान और सफलता देती है। उन्होंने कहा कि आज के समय में सबसे बड़ी ताकत ज्ञान और शिक्षा है। शारीरिक रूप से मजबूत होने के साथ-साथ मानसिक रूप से सशक्त और शिक्षित होना भी जरूरी है। उन्होंने युवाओं से खेल, शिक्षा और कौशल विकास को समान महत्व देने की अपील की।मोहर्रम के अवसर पर मंत्री ने अमन, शांति, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संदेश भी दिया। दौरे के दौरान विभिन्न अखाड़ा समितियों और स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।