रफ्तार मीडिया /हजारीबाग /सुमन सिन्हा
हजारीबाग।झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला समिति हजारीबाग द्वारा सोमवार को बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार रहने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से झामुमो के केंद्रीय सचिव एवं प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय तथा जिला अध्यक्ष संजू बेदिया उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी की ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से ही बनती है। संगठन की नीतियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
सम्मेलन के दौरान संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, बूथ कमेटियों की सक्रियता तथा जनता के बीच पार्टी की पकड़ मजबूत करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से क्षेत्र की समस्याओं को गंभीरता से उठाने और लोगों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने का आग्रह किया।
जिला अध्यक्ष संजू बेदिया ने कहा कि झामुमो हमेशा गरीब, आदिवासी, दलित, पिछड़े और मेहनतकश लोगों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।
सम्मेलन में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, बूथ स्तरीय कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के संकल्प के साथ हुआ।