मोतिहारी
टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत पूर्वी चंपारण में सोमवार को सदर अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव की अध्यक्षता में जिला प्रशासन के अधिकारियों ने 100 टीबी मरीजों को गोद लेकर उन्हें फूड बास्केट वितरित किया। अभियान का उद्देश्य उपचार के दौरान मरीजों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराकर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ में सहयोग करना है।
भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा संचालित प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी, अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त एवं सिविल सर्जन ने पांच-पांच टीबी मरीजों को गोद लिया। वहीं अनुमंडल पदाधिकारियों ने तीन-तीन तथा जिला स्तरीय अधिकारियों ने दो-दो मरीजों को गोद लेकर उन्हें फूड बास्केट उपलब्ध कराया। यह सहायता अगले छह माह तक प्रत्येक माह जारी रहेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि टीबी मुक्त भारत अभियान का उद्देश्य देश से तपेदिक (टीबी) का पूर्ण उन्मूलन करना है। उन्होंने समाज के सक्षम एवं जागरूक लोगों से 'निक्षय मित्र' बनकर टीबी मरीजों को गोद लेने और उनके पोषण में सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने बताया कि जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा पूरे जिले में टीबी मरीजों की पहचान के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह या उससे अधिक समय तक लगातार खांसी, सीने में दर्द, सांस लेने में तकलीफ, थूक में खून, वजन घटना, लगातार थकान, शाम के समय बुखार या रात में अधिक पसीना आने जैसी शिकायत हो तो वह तत्काल नजदीकी सरकारी अस्पताल में निःशुल्क जांच कराए।
जिलाधिकारी ने कहा कि टीबी का उपचार पूरी तरह संभव है और निर्धारित अवधि तक नियमित दवा लेने से मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो सकता है। उन्होंने लोगों से बिना किसी संकोच के समय पर जांच कराने और उपचार पूरा करने की अपील की।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार, सिविल सर्जन डॉ. दिलीप कुमार सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ज्ञानेश्वर प्रकाश सहित सदर अस्पताल के चिकित्सक एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।