सौरभ राय/ रफ्तार मीडिया

रांची: राजधानी रांची स्थित सेंट जेवियर्स कॉलेज में 3 झारखंड एनसीसी बटालियन द्वारा 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर  का शुभारंभ किया गया। बीच दे,यह शिविर 9 जून से 18 जून तक आयोजित होगा, जिसमें क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के एनसीसी कैडेट भाग ले रहे हैं। शिविर का संचालन 3 झारखंड एनसीसी बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल संतोष कुमार के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में किया जा रहा है।शिविर का मुख्य उद्देश्य कैडेटों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना का विकास करना है। इसके साथ ही उन्हें सैन्य जीवन की बुनियादी जानकारियों एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण से भी अवगत कराया जाएगा। दस दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण शिविर में कैडेटों को पैदल ड्रिल, हथियार संचालन एवं फायरिंग, मानचित्र पठन (मैप रीडिंग) तथा बाधा दौड़ (ऑब्स्टेकल कोर्स) का गहन प्रशिक्षण दिया जाएगा।

*सैन्य जागरूकता को मजबूत करने में भूमिका निभाएगा यह आयोजन*
अधिकारियों के अनुसार ये गतिविधियां कैडेटों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ साथ टीम भावना, निर्णय क्षमता और सैन्य जागरूकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। प्रशिक्षण के दौरान कैडेटों को अनुशासित जीवनशैली अपनाने और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।

*विशेषज्ञ देंगे आपदा प्रबंधन और करियर की जानकारी*
नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम के अलावा शिविर में कई महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ व्याख्यान भी आयोजित किए जाएंगे। राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) के विशेषज्ञ कैडेटों को आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्यों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया के संबंध में प्रशिक्षण देंगे।वहीं आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस (एआरओ) रांची के प्रतिनिधि भारतीय सेना में उपलब्ध रोजगार एवं करियर अवसरों की जानकारी देंगे। इसके अलावा अंगदान के महत्व और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर भी जागरूकता सत्र आयोजित किए जाएंगे। यूनिसेफ के सहयोग से सामाजिक जागरूकता एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर विशेष कार्यक्रम भी होंगे।

*जिम्मेदार नागरिक बनाने पर होगा विशेष फोकस*
शिविर का मुख्य विषय "जिम्मेदार, आत्मविश्वासी एवं सामाजिक रूप से जागरूक नागरिकों का निर्माण" रखा गया है। प्रशिक्षण, सामुदायिक जीवन और विभिन्न शिक्षाप्रद गतिविधियों के माध्यम से कैडेटों में सामाजिक उत्तरदायित्व, राष्ट्रीय एकता, नेतृत्व क्षमता तथा सेवा भाव को विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।

*सामुदायिक जीवन से सीखेंगे सहयोग और भाईचारा*
शिविर की एक प्रमुख विशेषता सामूहिकता और सामुदायिक जीवन की भावना है। विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों से आए कैडेट एक साथ रहकर प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। इससे उनमें आपसी सहयोग, भाईचारा, सांस्कृतिक समरसता, परस्पर सम्मान और टीम वर्क की भावना का विकास होगा। एनसीसी की मूल भावना भी इसी सामूहिकता और राष्ट्रीय एकता पर आधारित है।

*भविष्य के नेतृत्वकर्ता तैयार करेगा शिविर : कर्नल संतोष कुमार*
कमांडिंग ऑफिसर कर्नल संतोष कुमार ने कहा कि यह शिविर कैडेटों को नेतृत्व कौशल, व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और सामाजिक चेतना विकसित करने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को राष्ट्र के जिम्मेदार नागरिक और भविष्य के नेतृत्वकर्ता बनने के लिए प्रेरित करते हैं।

*सेंट जेवियर्स कॉलेज का जताया आभार*
3 झारखंड एनसीसी बटालियन ने शिविर के सफल आयोजन के लिए सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची के प्राचार्य, प्रबंधन समिति, शिक्षकों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया है। बटालियन ने कहा कि कॉलेज प्रशासन के सहयोग और उपलब्ध कराई गई सुविधाओं के कारण कैडेटों को बेहतर प्रशिक्षण वातावरण प्राप्त हो रहा है।