रफ्तार मीडिया संवाददाता /पवन गुप्ता

खलारी:  खलारी थाना क्षेत्र के सुभाष नगर कॉलोनी से 29 जून से लापता महिला का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। महिला की गुमशुदगी से परिजन गहरी चिंता में हैं। सबसे बड़ी चिंता इस बात की है कि महिला की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं बताई जा रही है। मामले को लेकर महिला की मां ने खलारी थाना में लिखित आवेदन देकर बेटी की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है।जानकारी के अनुसार लापता महिला की पहचान आरती देवी के रूप में हुई है। उसका मायका सुभाष नगर कॉलोनी में है। परिजनों के अनुसार 29 जून को वह बिना किसी को बताए घर से कहीं चली गई थी। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका। परिवार ने रिश्तेदारों, परिचितों और अन्य संभावित स्थानों पर काफी खोजबीन की, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है।परिजनों ने बताया कि आरती देवी की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं है। उनके दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें सात वर्ष की एक बेटी और पांच वर्ष का एक बेटा शामिल हैं। मां के लंबे समय से लापता रहने से दोनों बच्चे और पूरा परिवार काफी परेशान है।खलारी थाना पुलिस ने परिजनों के आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस महिला की तलाश में जुटी है। परिजनों ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को आरती देवी के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल खलारी थाना या उनके परिवार को दें, ताकि उन्हें सुरक्षित घर वापस लाया जा सके।