आशीष कुमार मुखर्जी/ रफ्तार मीडिया
मांडू/रामगढ़। उपायुक्त रामगढ़ के निर्देशानुसार प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार मिश्रा ने मांडू प्रखंड के सभी पंचायतों के मुखियाओं के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में पंचायतों के विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई तथा प्रत्येक पंचायत से डीएमएफटी मद से 12 लाख रुपये तक की योजनाओं का प्रस्ताव देने को कहा गया।
बैठक में सड़क निर्माण, बाल विकास परियोजनाओं, विद्यालयों के विकास, कुआं, चुआ तथा अन्य जनहितकारी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शामिल करने पर जोर दिया गया। वहीं 15वें वित्त आयोग से प्राप्त विकास मद की राशि को अगले 10 से 15 दिनों के भीतर खर्च करने का निर्देश भी दिया गया, ताकि विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके।
बैठक के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों ने ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडे सिंह के द्वारा प्रत्येक पंचायत को विकास कार्यों के लिए 52 लाख रुपये देने की पूर्व घोषणा पर नाराजगी जताई। मुखिया संघ अध्यक्ष संजय प्रसाद साव एवं कुजू पश्चिमी पंचायत के मुखिया जयकुमार ओझा ने कहा कि मंत्री द्वारा की गई घोषणा के अनुरूप अब तक राशि उपलब्ध नहीं कराई गई है। उन्होंने कहा कि यदि पंचायतों को 52 लाख रुपये की राशि मिलती तो स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को गति मिलती और पंचायतों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान मिलता।
बैठक में कुजू दक्षिणी मुखिया राकेश कुमार रॉक, तोपा मुखिया महफूजा खातून, ओरला मुखिया गुड़िया देवी, मांडू चट्टी मुखिया बैजनाथ राम, मांडुडीह मुखिया अनीता देवी, बड़का चुंबा मुखिया राजू कुशवाहा, ललन यादव, रोजे करमाली, करमचंद मांझी, पंचायत सचिव राजकुमार साव, शशि किरण, सुनील यादव सहित विभिन्न पंचायतों के मुखिया एवं पंचायत सचिव उपस्थित थे।