दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा
झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडे ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्यसभा की दोनों सीटें महागठबंधन के खाते में जाएंगी। एक सीट पर झामुमो और दूसरी सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं तथा गठबंधन पूरी मजबूती के साथ उनके पक्ष में खड़ा है।जामताड़ा में पत्रकारों से बातचीत करते हुए विनोद पांडे ने कहा कि गठबंधन में किसी प्रकार की कोई आशंका नहीं है।उन्होंने दावा किया कि दोनों सीटों पर महागठबंधन की जीत सुनिश्चित है। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड में भाजपा की स्थिति ऐसी हो गई है कि वह अपना उम्मीदवार तक नहीं उतार सकी और एक निर्दलीय प्रत्याशी को समर्थन देकर राज्य का राजनीतिक माहौल खराब करने का काम कर रही है।उन्होंने राज्यसभा चुनाव में हॉर्स ट्रेडिंग की संभावना से भी पूरी तरह इनकार नहीं किया। पांडे ने कहा कि जब एक निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव मैदान में है और भाजपा अपना उम्मीदवार खड़ा करने के बजाय उसे समर्थन दे रही है, तो कई सवाल खड़े होना स्वाभाविक है। इससे सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि भाजपा की मंशा क्या है।उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने राज्यसभा चुनाव को लेकर पूरे राज्य का राजनीतिक वातावरण दूषित करने का प्रयास किया है। मौके पर जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू , सांसद प्रतिनिधि अशोक मंडल, जिला कोषाध्यक्ष सह युवा नेता प्रदीप मंडल, अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष सगीर खान, जिला सचिव परेश यादव , अमित मंडल, सादिक अंसारी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।