दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा।

रांची में जेपीएससी, जेएसएससी एवं सीजीएल परीक्षा में कथित धांधली और शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा के आह्वान पर मंगलवार को जामताड़ा बंद कराया गया। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू के निर्देश पर जिलाध्यक्ष सुमित शरण के नेतृत्व में भाजपा नेता एवं कार्यकर्ताओं ने जामताड़ा बाजारों का भ्रमण किया और दुकानदारों से प्रतिष्ठान बंद कर बंद को समर्थन देने की अपील की। इस दौरान कई दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर छात्रों के आंदोलन के प्रति समर्थन जताया। वही जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि झारखंड में बड़ी संख्या में युवा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सरकारी नौकरी पाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रक्रिया में अनियमितताओं के कारण योग्य और गरीब छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा युवाओं के हितों से जुड़े इस मुद्दे को बर्दाश्त नहीं करेगी और परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को लेकर आंदोलन जारी रखेगी। पूर्व मंत्री सत्यानंद झा बाटुल ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही कथित अनियमितताओं से युवाओं में निराशा बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ी के कारण गरीब और मध्यमवर्गीय छात्रों के नौकरी पाने का सपना प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सरकार से परीक्षाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने की मांग की। भाजपा नेता माधव महतो ने रांची में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसकी निंदा की। उन्होंने कहा कि जामताड़ा में बंद शांतिपूर्ण रहा और दुकानदारों ने छात्रों के समर्थन में स्वेच्छा से अपने प्रतिष्ठान बंद किए। उन्होंने आरोप लगाया कि जेपीएससी, जेएसएससी और सीजीएल जैसी परीक्षाओं में कथित प्रश्नपत्र लीक और अनियमितताओं से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। भाजपा नेताओं ने परीक्षा व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों पर कार्रवाई करने और युवाओं को पारदर्शी तरीके से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की मांग की। मौके पर मुख्य रूप से भाजयुमो प्रदेश महामंत्री मनीष दुबे,ज़िला महामंत्री कमलेश मंडल तथा अभय सिंह,भाजपा नेता विनोद मंडल,महेंद्र मंडल,ज़िला उपाध्यक्ष सुजाता सिंह भैया, सुकुमार सरखेल, दिलीप हेमब्रम,संजू देवी,मितेश शाह,भाजयुमो जिलाध्यक्ष कुणाल सिंह,नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत,अंजनी तिवारी,रंजीत तिवारी,जावेद अंसारी,ब्रजेश राउत,प्रवीण मिश्रा सहित अनेक कार्यकर्त्ता उपस्थित रहें।