कासगंज, 24 मई 2026: आगामी त्योहारों के मद्देनजर जनपद में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कासगंज पुलिस अलर्ट मोड पर है। पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह के निर्देशन में पुलिस टीमों ने मुख्य मार्गों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त शुरू कर दी है। ड्रोन कैमरों से भी लगातार निगरानी की जा रही है।  

*सीसीटीवी और ड्रोन से पैनी नजर*  
एसपी ओ.पी. सिंह के निर्देश पर स्थानीय पुलिस टीमें सर्राफा बाजार, चौराहों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और अन्य सार्वजनिक प्रतिष्ठानों पर विशेष सतर्कता बरत रही हैं। इन सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के साथ ड्रोन कैमरों से भी सतत निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।  

*व्यापारियों और नागरिकों से किया संवाद*  
पैदल गश्त के दौरान पुलिस टीमों ने आम लोगों और व्यापारियों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का एहसास कराया। पुलिस ने नागरिकों से अफवाहों से दूर रहने और सभी त्योहार आपसी भाईचारे, शांति व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की है।  

*संवेदनशील इलाकों पर फोकस*  
पुलिस ने संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। एसपी ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। त्योहारों को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता है।

रिपोर्ट जितेंद्र सिंह कासगंज