कुशीनगर, 09 जून – जिला श्रम बंधु समिति की समीक्षा बैठक अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) वैभव मिश्रा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में श्रमिकों के हितार्थ संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र श्रमिक और उनके आश्रित लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने आवेदनों की संख्या बढ़ाने और पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध रूप से लाभान्वित करने पर विशेष जोर दिया।

संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन योजना की समीक्षा में प्रगति धीमी पाई गई। इस पर अपर जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया कि निर्माण श्रमिकों के बच्चों के अधिक से अधिक आवेदन कराए जाएं।

प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PM-VBRY) के तहत निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष 58 प्रतिष्ठानों और कार्यालयों का पंजीकरण शेष पाया गया। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को 19 जून 2026 से पहले पंजीकरण पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना (PM-SYM) में अपेक्षित प्रगति लाने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उपायुक्त श्रम रोजगार, उपायुक्त स्वतः रोजगार, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, परियोजना अधिकारी डूडा, जिला पंचायत राज अधिकारी, समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका व नगर पंचायत तथा सहायक निदेशक मत्स्य सहित संबंधित विभागों को पात्र व्यक्तियों का पंजीकरण सुनिश्चित कराने को कहा गया।

बैठक में श्रम प्रवर्तन अधिकारी अलंकृता उपाध्याय, उपायुक्त मनरेगा राकेश कुमार, उपायुक्त उद्योग प्रवीण कुमार मौर्य, बेसिक शिक्षा अधिकारी, श्रमिक संगठन प्रतिनिधि रामेश्वर सिंह सहित अन्य अधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।