कानपुर। संवाददाता राजन साहू। थाईलैंड से कानपुर आई एक युवती ने युवक पर शादी के नाम पर 60 लाख रुपये की ठगी और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का सनसनीखेज आरोप लगाया है।
पीड़िता के मुताबिक करीब दो साल पहले इंस्टाग्राम पर इरफान से उसकी बातचीत शुरू हुई थी। बाद में दोनों ने थाईलैंड में शादी कर ली। आरोप है कि शादी के बाद भारत आने पर इरफान ने अलग-अलग बहाने से उससे करीब 60 लाख रुपये ऐंठ लिए। पैसे वापस मांगने पर धर्म परिवर्तन कर बुर्का पहनने का दबाव बनाया गया।
युवती ने आरोप लगाया कि इरफान लाटूश रोड का रहने वाला है और उसकी जाजमऊ में फैक्ट्री है। इरफान की 12 साल पहले ही शादी हो चुकी है और उसके तीन बच्चे भी हैं। इसके बावजूद उसने थाईलैंड जाकर दूसरी शादी की।
मामले में पीड़िता ने एडीसीपी शिवा सिंह से मिलकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस शादी, रुपये के लेन-देन और धर्म परिवर्तन के दबाव समेत सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।