दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा।


अखंड भारत संकल्प दिवस के अवसर पर शुक्रवार को विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल की ओर से जामताड़ा शहर में बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली यज्ञ मैदान से शुरू हुई, जो मुख्य बाजार, टावर चौक और सुभाष चौक होते हुए हनुमान मंदिर पहुंची। इसके बाद रैली स्टेशन रोड होते हुए वापस यज्ञ मैदान पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनूप राय ने कहा कि अखंड भारत संकल्प दिवस केवल ऐतिहासिक स्मृति को याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्य और संकल्प को दोहराने का दिन है। उन्होंने कहा कि भारत केवल भूमि का एक टुकड़ा नहीं, बल्कि सभ्यता, संस्कृति, परंपरा और जीवन-दृष्टि का प्रतीक है। हमारी सांस्कृतिक चेतना की सीमाएं राजनीतिक सीमाओं से कहीं व्यापक रही हैं। उन्होंने कहा कि 14 अगस्त देश के विभाजन के उस दौर की याद दिलाता है, जिसने असंख्य परिवारों को विस्थापित किया और समाज के हृदय पर गहरा घाव छोड़ा। इस इतिहास को याद रखते हुए हमें उससे सीख लेने की आवश्यकता है। अनूप राय ने कहा कि संकल्प किसी व्यक्ति, जाति या समुदाय के विरुद्ध नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय स्वाभिमान की रक्षा का है। उन्होंने युवाओं से इतिहास और संस्कृति को समझने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक समरसता, भाईचारा और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प लिया गया। मौके पर संघ के सभी संगठन एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।