बिद्युत महतो / रफ्तार मीडिया संवाददाता, ईचागढ़:आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर रविवार को तिरुलडीह थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शांति समिति के सदस्य, अंजुमन कमिटी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

बैठक में चांडिल के सर्किल इंस्पेक्टर रवि कुमार सिंह ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बकरीद आपसी भाईचारे, प्रेम और सामाजिक सौहार्द का पर्व है। इसे सभी समुदायों के सहयोग और आपसी समझदारी के साथ मनाने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।

वहीं तिरुलडीह थाना प्रभारी कौशल कुमार ने सोशल मीडिया को लेकर लोगों को विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के भड़काऊ, अफवाह फैलाने वाले अथवा धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले संदेश, फोटो या वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा या फॉरवर्ड न करें। ऐसा करने वालों पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी। उन्होंने लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

बैठक में मौजूद लोगों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाते हुए बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की बात कही। मौके पर कुकड़ू प्रखंड प्रमुख प्रतिमा वाला पातर, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक कुमार साव, मुखिया सुधीर सिंह, मुखिया प्रतिनिधि रामलाल सिंह, इंद्रजीत महतो,  विजय कोइरी, लाल मोहम्मद समेत अंजुमन कमिटी के कई सदस्य उपस्थित थे।