राजु मंडल /रफ्तार मीडिया सवाददाता /गांडेय।

​गांडेय : मुहर्रम के त्योहार के मद्देनजर शनिवार को गांडेय प्रखंड के विभिन्न अल्पसंख्यक बहुल इलाकों में पारंपरिक नुमाइशी अखाड़ा प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इसी कड़ी में अहारडीह गांव में 'आजाद क्लब' के बैनर तले आयोजित प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही।
अखाड़ा प्रतियोगिता में आसपास के क्षेत्रों से कुल 13 टीमों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में दलवाडीह, गिरनियां, परमाडीह, मंडरडीह, महेशमुंडा, मुंडहरी, नौकाडीह और करी बांक समेत कई गांवों की अखाड़ा कमेटियों के खिलाड़ियों ने लाठी-तलवार और पारंपरिक हथियारों के साथ एक से बढ़कर एक हैरतअंगेज खेल का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के साहस और कौशल को देखकर दर्शक रोमांचित हो उठे। इस दौरान पूरा माहौल 'या अली, या हुसैन' के नारों से गुंजायमान रहा, जो लगातार खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते रहे।

*​विजेताओं को किया गया सम्मानित*

प्रतियोगिता के अंत में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों को आयोजक मंडल द्वारा पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय युवाओं और कमेटी के सदस्यों ने अहम भूमिका निभाई।
​इस अवसर पर मुख्य रूप से मुखिया अब्दुल हफीज, मो. शरीफ, मो. बेलाल, मो. सर्फुद्दीन, मो. जमरुद्दीन, नूर मोहम्मद, मो. मंजूर, मो. फुरकान, मो. इस्लाम, मो. तबारक, मो. इलियास और मो. मुर्तजा सहित भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण व महिला-पुरुष दर्शक मौजूद थे।