मोतिहारी, 01 अगस्त। प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं अधिक से अधिक लोगों को योजना से जोड़ने के उद्देश्य से शनिवार को नगर भवन (टाउन हॉल), मोतिहारी में तीन दिवसीय सोलर सह सोलर लोन मेला का शुभारंभ किया गया। मेले का उद्घाटन जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव, नगर आयुक्त आशीष कुमार, उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार एवं सहायक समाहर्ता राजकृष्ण झा ने संयुक्त रूप से किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि योजना के तहत 1 किलोवाट सौर संयंत्र पर ₹30,000, 2 किलोवाट पर ₹60,000 तथा 3 किलोवाट एवं उससे अधिक क्षमता पर अधिकतम ₹78,000 तक की केंद्रीय सब्सिडी दी जा रही है। उन्होंने लोगों से योजना का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज एवं एनबीपीडीसीएल के माध्यम से शीघ्र आवेदन करने की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि सौर संयंत्र लगाने से उपभोक्ताओं के बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आएगी और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।
मेले में विभिन्न अधिकृत सोलर वेंडर्स ने स्टॉल लगाकर उपभोक्ताओं को सोलर संयंत्र, लागत, सब्सिडी, ऋण सुविधा एवं स्थापना प्रक्रिया की जानकारी दी। वहीं बैंक प्रतिनिधियों ने मौके पर ही ऋण आवेदन एवं स्वीकृति प्रक्रिया से संबंधित मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली एजेंसी सिमर पावर को सम्मानित किया गया। साथ ही योजना के सफल क्रियान्वयन में सहयोग के लिए स्टेट बैंक के मुख्य प्रबंधक एवं एसबीआई छतौनी शाखा प्रबंधक को भी सम्मानित किया गया। योजना के लाभुकों में से एक आवेदक को ₹2 लाख का ऋण स्वीकृति चेक भी प्रदान किया गया।
मेले में लगभग 300 उपभोक्ताओं एवं आमजनों ने भाग लेकर योजना की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, अग्रणी बैंक प्रबंधक, विभिन्न राष्ट्रीयकृत बैंकों के प्रतिनिधि, विद्युत विभाग के अधिकारी, इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट एवं सोशल मीडिया के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
यह सोलर सह सोलर लोन मेला 1 से 3 अगस्त 2026 तक नगर भवन, मोतिहारी में आयोजित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने जिले के पात्र उपभोक्ताओं से मेले में पहुंचकर योजना का लाभ उठाने और अपने घरों पर सौर संयंत्र स्थापित करने की अपील की।