दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा।

मुख्यमंत्री सारथी योजना के अंतर्गत एक्सेल डेटा सर्विसेज़ द्वारा संचालित मेघा स्किल सेंटर, जामताड़ा में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में केंद्र के प्रशिक्षकों, कर्मचारियों एवं प्रशिक्षणार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।समारोह की शुरुआत सुबह प्रभात फेरी से हुई।प्रशिक्षणार्थियों ने देशभक्ति के नारों के साथ प्रभात फेरी निकाली। इसके बाद केंद्र परिसर में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। तिरंगा फहराए जाने के बाद सभी उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान गाया। इस दौरान प्रशिक्षणार्थियों और प्रशिक्षकों ने देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लिया। ध्वजारोहण के बाद प्रशिक्षणार्थियों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में देशभक्ति गीत, भाषण सहित अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। प्रशिक्षणार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और स्वतंत्रता के महत्व का संदेश दिया। समारोह के दौरान पूरे केंद्र परिसर में उत्साह और देशभक्ति का वातावरण बना रहा। प्रशिक्षकों ने प्रशिक्षणार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व और देश के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले वीरों के बलिदान के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि देश के विकास में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है और उन्हें अपने कौशल एवं प्रतिभा का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में सभी ने देश की प्रगति, एकता और अखंडता के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। समारोह में मेघा स्किल सेंटर के सभी प्रशिक्षक, कर्मचारी एवं प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे।