कानपुर। आगामी त्योहारों एवं यातायात माह नवंबर-2026 के दृष्टिगत शुक्रवार को पुलिस ऑफिस सभागार में बैठक आयोजित की गई।
बैठक अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. विपिन ताडा एवं पुलिस उपायुक्त यातायात अभयनाथ त्रिपाठी द्वारा ली गई। इस अवसर पर एडीसीपी यातायात पूनम सिरोही, एसीपी यातायात मनोज कुमार सिंह, संजय कुमार सिंह सहित समस्त यातायात निरीक्षक व पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों पर व्यवस्था, यातायात माह के तहत सड़क सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने के निर्देश दिए।
साथ ही हेलमेट, सीट बेल्ट का अनिवार्य प्रयोग, नशे में वाहन न चलाना, अवैध पार्किंग व अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई तथा प्रमुख चौराहों पर यातायात सुचारू रखने के निर्देश दिए गए। सभी पुलिसकर्मियों को सतर्कता, अनुशासन और जनसहयोग के साथ ड्यूटी करने को कहा गया।