मुरादाबाद:मुरादाबाद में पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी शार्प शूटर आशु उर्फ मोंटी मारा गया। घटना सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के पोस्टमार्टम हाउस के पास की है, जहां पुलिस ने संदिग्ध युवक को रोकने की कोशिश की।
बताया जा रहा है कि रुकने के बजाय बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली लगने से बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक आशु उर्फ मोंटी कुख्यात उधम सिंह गैंग का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है। उसके खिलाफ हत्या, लूट और रंगदारी समेत करीब 36 मुकदमे दर्ज थे। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
हाल ही में उसने एक बड़े व्यापारी से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी, जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
जानकारी के अनुसार, गैंग के सरगना उधम सिंह की जमानत के बाद पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पुलिस अलर्ट पर थी और बदमाशों की लगातार निगरानी की जा रही थी।
मुठभेड़ के बाद मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल सहित कई अधिकारी पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।