सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित एम टाइप दुर्गा पूजा मैदान में 13 से 15 जून तक 18वीं झारखंड राज्य सब-जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। झारखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में होने वाली इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता की सभी प्रशासनिक और संगठनात्मक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।आयोजन समिति के अध्यक्ष राजेश कुमार सिन्हा, ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी सह डिप्टी मेयर अंकुर सिंह तथा सचिव राजीव वर्मा ‘कुकू’ ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में झारखंड के 22 जिलों से 165 प्रतिभावान बालक एवं बालिका मुक्केबाज हिस्सा लेंगे।मुकाबलों के निष्पक्ष संचालन के लिए 16 रेफरी तैनात रहेंगे।13 जून को शाम 4:30 बजे प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन होगा। मुख्य अतिथि के रूप में टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अतुल भटनागर सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहेंगे। 14 जून को खरसावां विधायक दशरथ गागराई खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगे, जबकि 15 जून को फाइनल मुकाबलों एवं पुरस्कार वितरण समारोह में घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन समेत कई विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे।आयोजकों ने उम्मीद जताई कि यह प्रतियोगिता राज्य के युवा मुक्केबाजों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच प्रदान करेगी।