लोकेशन यूपी /बस्ती/मोहम्मद टीपू
बस्ती। लोक आस्था एवं सूर्य उपासना के महापर्व छठ पर श्रद्धालुओं के बीच हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कराने की अनुमति नहीं मिलने को लेकर भाजपा नेता एवं पहल संस्था के संस्थापक मनीष मिश्रा ने जिला प्रशासन पर दबाव बनाए जाने और सुनियोजित साजिश किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि अंतिम समय में अनुमति रोके जाने से धार्मिक आयोजन की तैयारियों को झटका लगा है।
मीडिया से बातचीत के दौरान मनीष मिश्रा ने बताया कि रात्रि 11:30 बजे जिला प्रशासन की ओर से पत्र प्राप्त हुआ, जिसमें हेलीकॉप्टर की लैंडिंग की अनुमति नहीं दिए जाने की जानकारी दी गई। उन्होंने सवाल उठाया कि जब आयोजन को लेकर तैयारियां की जा रही थीं, तब इतनी देर रात अनुमति निरस्त किए जाने की सूचना क्यों दी गई? उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने साजिश के तहत जिला प्रशासन पर दबाव बनाकर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की अनुमति रुकवाई है।
मनीष मिश्रा ने अपने बयान में कुछ लोगों के लिए 'रंगा-बिल्ला' और 'शिखंडी' जैसे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उनके विरुद्ध गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उनके पास इस पूरे प्रकरण से जुड़े साक्ष्य हैं और वह इन साक्ष्यों को लेकर देश के प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री, सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के प्रमुख तथा आयकर विभाग के प्रमुख के समक्ष अपनी बात रखेंगे।
उन्होंने कहा कि आज भले ही मनीष मिश्रा को इस मामले में हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन वह इसे अपनी अंतिम हार नहीं मानते। बस्ती की जनता से वादा करते हुए उन्होंने घोषणा की कि आगामी 6 दिसंबर को इसी स्थान पर प्रेसवार्ता आयोजित कर पूरे प्रकरण से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों को सार्वजनिक करेंगे।
मनीष मिश्रा के इस बयान के बाद जिले में छठ महापर्व के आयोजन और हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की अनुमति को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, उनके द्वारा लगाए गए आरोपों पर संबंधित व्यक्तियों और जिला प्रशासन का पक्ष सामने आना अभी बाकी है।