दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा
जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जामताड़ा पुलिस ने शनिवार देर रात शहर के विभिन्न होटलों में सघन जांच अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक शम्भु कुमार सिंह के निर्देश पर इंस्पेक्टर सह जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने पुलिस बल के साथ शहर के कई होटलों का औचक निरीक्षण किया। जांच अभियान के दौरान पुलिस टीम ने होटल संचालकों द्वारा रखे जाने वाले आगंतुक पंजी की गहन जांच की। इस दौरान होटल में ठहरे लोगों की पहचान, उनके दस्तावेजों की उपलब्धता तथा रजिस्टर में दर्ज विवरण का मिलान किया गया। पुलिस ने होटल संचालकों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आगंतुक का पूरा विवरण पहचान पत्र के साथ अनिवार्य रूप से दर्ज करें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तत्काल स्थानीय थाना को दें। वही थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम के लिए समय-समय पर ऐसे जांच अभियान चलाए जाते रहेंगे। उन्होंने होटल संचालकों से पुलिस को सहयोग करने तथा निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की। इसके अलावे उन्होंने कहा की इस तरह की नियमित जांच का उद्देश्य अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगाना तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। देर रात तक चले इस अभियान से होटल संचालकों में सतर्कता बढ़ी, वहीं शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की सक्रियता भी देखने को मिली। मौके पर पुलिस के जवान उपस्थित थे।