रफ्तार मीडिया मिथिलेश यादव /पलामू
तरहसी सीएचसी अस्पताल में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 106 गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान विशेष रूप से एक से चार माह की गर्भावस्था वाली महिलाओं की स्क्रीनिंग एवं आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई।
शिविर में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य स्थिति का परीक्षण किया तथा गर्भावस्था के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। महिलाओं को नियमित रूप से प्रसव पूर्व जांच कराने, पौष्टिक आहार लेने तथा चिकित्सकों की सलाह के अनुसार दवाओं एवं आयरन-फोलिक एसिड का सेवन करने के लिए जागरूक किया गया।
स्वास्थ्यकर्मियों ने बताया कि गर्भावस्था के शुरुआती महीनों में नियमित जांच और स्क्रीनिंग से मां एवं गर्भस्थ शिशु के स्वास्थ्य की स्थिति का समय रहते पता लगाया जा सकता है। किसी भी प्रकार की जटिलता या जोखिम के लक्षण मिलने पर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
शिविर के दौरान गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव और मातृ-शिशु स्वास्थ्य से संबंधित सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी भी दी गई। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को समय पर जांच एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराकर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुरक्षित बनाना रहा।
कार्यक्रम में सीएचसी के चिकित्सक, एएनएम एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।