सरायकेला: राजनगर-चाईबासा मुख्य मार्ग (एनएच-220) पर रोला-खैरबनी मोड़ के पास सोमवार देर रात करीब 12:30 बजे हाइवा और ट्रेलर की आमने-सामने की भीषण टक्कर में दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में दोनों चालकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पीछे से आ रहे दो अन्य ट्रेलरों की टक्कर में दो चालक घायल हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के तुरंत बाद दोनों वाहनों में आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। ट्रेलर चालक की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि हाइवा चालक को गंभीर हालत में चाईबासा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।हादसे के बाद पीछे से आ रहे दो ट्रेलर अचानक ब्रेक लगाने के दौरान अनियंत्रित होकर आपस में टकराते हुए सड़क किनारे खेत में पलट गए। दोनों चालकों का उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंचे। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दोनों वाहन पूरी तरह जल चुके थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।लगातार हो रहे हादसों से चिंतित स्थानीय लोगों ने एनएच-220 को फोरलेन बनाने, सड़क सुरक्षा बढ़ाने तथा भारी वाहनों के सुरक्षित आवागमन के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।