पालकोट (गुमला)।
पालकोट थाना क्षेत्र के टेंगरिया पंचायत अंतर्गत ठीबु टोली गांव में डायन-बिसाही के शक में हुए हमले में घायल 65 वर्षीय बुद्धा खड़िया की शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे रिम्स रांची ले जाने के क्रम में मौत हो गई। इससे पहले उनकी पत्नी जाटी खड़िया की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह लगभग 10:30 बजे अज्ञात लोगों ने दंपती पर धारदार हथियार से हमला कर दिया था। हमले में जाटी खड़िया की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल बुद्धा खड़िया को पहले पालकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर किया गया था। लेकिन रांची ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार, घटना के पीछे डायन-बिसाही का संदेह बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही पालकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था, वहीं बुद्धा खड़िया के शव का भी पोस्टमार्टम कराया जाएगा।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा घटना में शामिल लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।यह घटना एक बार फिर समाज में फैली अंधविश्वास और डायन-बिसाही जैसी कुप्रथाओं की भयावहता को उजागर करती है, जिसमें दो निर्दोष लोगों की जान चली गई।