संवाददाता राजन साहू, कानपुर

*कानपुर।* यूपी टी20 लीग सीजन-4 अब अपने सबसे रोमांचक चरण में पहुंच गया है। लीग के प्लेऑफ और फाइनल समेत 12 मैच 28 अगस्त से 6 सितंबर तक कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले जाएंगे। 

टूर्नामेंट के कानपुर लेग की शुरुआत से पहले बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई। इसमें UP T20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर के साथ सभी छह टीमों के कप्तान मौजूद रहे।

“हर दिल में क्रिकेट बसता है”

डॉ. संजय कपूर ने कहा, “हम UP T20 लीग को कानपुर वापस लाकर बहुत खुश हैं। यह ऐसा शहर है जहां हर दिल में क्रिकेट बसता है। ग्रीन पार्क का भारतीय क्रिकेट में बड़ा और ऐतिहासिक नाम रहा है। यहां प्लेऑफ और फाइनल होने से खिलाड़ियों और फैंस दोनों को यादगार अनुभव मिलेगा।”

1945 में बने ग्रीन पार्क में अब तक 24 टेस्ट, 15 वनडे और 1 टी20 सहित 40 अंतरराष्ट्रीय मैच हो चुके हैं। 2023 में UPT20 के पहले सीजन के सभी मैच भी इसी मैदान पर हुए थे।

फैंस के लिए ‘लकी Super 4 Offer’

कानपुर में क्रिकेट की वापसी पर लीग ने दर्शकों के लिए 4 बड़े ऑफर घोषित किए हैं। 

- *कैच द मैच*: स्टैंड में छक्का लपकने वाले फैन को 5,000 रुपये नकद

- *स्टार ऑफ द मैच*: एक लकी फैन को स्टार खिलाड़ी के दस्तखत वाली क्रिकेट बॉल  

- *डेली विनर्स*: स्टेडियम में पूछे गए क्रिकेट सवालों का सही जवाब देने पर तुरंत इनाम

- *लकी ड्रॉ*: टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, स्मार्टफोन और बाइक जीतने का मौका

आयोजकों ने बताया कि इनाम के लिए टिकट District by Zomato ऐप से ही ऑनलाइन खरीदना जरूरी होगा। विजेता को इनाम के समय स्टेडियम में मौजूद रहकर पक्का टिकट दिखाना होगा।

पॉइंट्स टेबल और शेड्यूल

अब तक मेरठ मावेरिक्स ने अपने सभी 7 मैच जीतकर 14 अंकों के साथ टेबल में शीर्ष स्थान पक्का कर लिया है। बाकी 5 टीमों के बीच प्लेऑफ की 3 सीटों के लिए कड़ी टक्कर होगी।

कानपुर चरण का पहला मैच शुक्रवार 28 अगस्त को शाम 7:30 बजे काशी रुद्राक्ष और नोएडा सुपर किंग्स के बीच फ्लडलाइट में खेला जाएगा। टूर्नामेंट का ग्रैंड फिनाले 6 सितंबर को इसी मैदान पर होगा।