रफ्तार संवाददाता रंजीत पालकोट। पालकोट थाना क्षेत्र में शनिवार को दो अलग-अलग स्थानों से दो शव बरामद होने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। दोनों मामलों की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पालकोट थाना क्षेत्र के पेटसेरा निवासी सुजीत लकड़ा (24 वर्ष), पिता फिलमोन लकड़ा, का शव उनके घर के बाहर एक पेड़ की डाली से लटका हुआ मिला। परिजनों और स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पालकोट पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। आत्महत्या के पीछे के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है।वहीं दूसरी घटना थाना क्षेत्र के तपकरा नवाटोली गांव की है। यहां सुकरी कुमारी (30 वर्ष), पति सुनील केरकेट्टा, अपने घर में मृत अवस्था में पाई गईं।घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर थाना लाई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।दोनों मामलों में पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होने की संभावना है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों घटनाओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।