कानपुर। जाजमऊ की दीदार बस्ती में मंगेतर से फोन पर हुई कहासुनी के बाद 21 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के मुताबिक, 14 दिसंबर को उसकी शादी होनी थी। प्रेम विवाह को परिवार की सहमति से अरेंज मैरिज का रूप देने की तैयारी चल रही थी।

मूलरूप से गोंडा के मनकापुर निवासी फरियाद अहमद उर्फ सुल्तान परिवार के साथ जाजमऊ की दीदार बस्ती में रहता था। वह परिवार का इकलौता बेटा था। परिजनों ने बताया कि घटना से पहले उसकी मंगेतर से फोन पर किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद उसने खाना खाया और दूसरे कमरे में चला गया। कुछ देर बाद कमरे में उसका शव फंदे से लटकता मिला। यह देखकर परिजनों के होश उड़ गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी प्रशांत मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।