बगहा / मोहम्मद इम्तियाज:बगहा में रविवार को फिट इंडिया मूवमेंट के तहत एसएसबी 21वीं वाहिनी और बगहा पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली की शुरुआत एसपी कार्यालय परिसर से हुई, जो शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए लगभग चार किलोमीटर की दूरी तय कर एसएसबी 21वीं वाहिनी परिसर पहुंची। इस दौरान अधिकारियों और जवानों ने लोगों को फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत का संदेश दिया।
साइकिल रैली में बगहा एसपी रामानंद कुमार कौशल, 21वीं वाहिनी के कमांडेंट तपेश्वर संबित राउत, मुख्यालय डीएसपी दयानंद शर्मा तथा एसडीपीओ निहार भूषण सहित कई पुलिस एवं एसएसबी अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि नियमित रूप से साइकिल चलाने से शरीर स्वस्थ रहता है और प्रदूषण पर भी नियंत्रण पाया जा सकता है।
अधिकारियों ने लोगों से फिट इंडिया अभियान से जुड़कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। रैली के दौरान जवानों और अधिकारियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।