दिनेश कुमार पांडेय /रफ्तार ब्यूरो /बोकारो
कसमार थाना क्षेत्र के दांत गांव स्थित बाजार टांड़ मड़ई मंदिर के समीप एक घर में भीषण चोरी की घटना सामने आई है। पीड़ित कैलाश कुमार नायक ने थाना में आवेदन देकर बताया कि 5 अगस्त को वह अपनी पत्नी के साथ रिश्तेदारी में गए थे। बारिश के कारण रात में घर नहीं लौट सके। सुबह मोबाइल से CCTV देखने पर कैमरे ऑफलाइन मिले, जिसके बाद वह तुरंत घर पहुंचे। बाहर का ताला सही मिला, लेकिन अंदर के सभी ताले टूटे हुए थे। चोर घर से ₹54,260 नकद, करीब 1 किलो सोना, 10 किलो चांदी के पुश्तैनी जेवर, कांसा-पीतल के बर्तन, CP Plus NVR, तीन वाई-फाई कैमरे, जियो सेट-टॉप बॉक्स, मोबाइल चार्जर व अन्य सामान चोरी कर ले गए। पीड़ित ने बताया कि 13 सितंबर 2025 को भी उनके घर चोरी हुई थी। लगातार दूसरी घटना से परिवार दहशत और मानसिक तनाव में है। उन्होंने कसमार पुलिस से जल्द एफआईआर दर्ज कर चोरों की गिरफ्तारी तथा चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।