दीनबंधु राउत /जामताड़ा :सदर अस्पताल में चिकित्सकीय लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें एक नवजात की गर्भ में जामताड़ा सदर अस्पताल में लापरवाही का आरोप, गर्भ में ही नवजात की मौत, परिजनों का हंगामाही मौत हो गई। घटना के बाद पीड़ित परिजनों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने अस्पताल प्रशासन एवं चिकित्सकों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। निलदाहा ग्राम निवासी सुबल गोराई ने बताया कि उनकी पत्नी अष्टमी गोराई का प्रसव 22 अप्रैल को संभावित था। लेकिन प्रसव पीड़ा शुरू नहीं होने पर वे 25 अप्रैल को पत्नी को लेकर जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि वहां मौजूद चिकित्सक ने जांच के बाद कहा कि अभी प्रसव का समय नहीं हुआ है और उन्हें घर वापस भेज दिया गया। वही सुबल गोराई ने बताया कि उन्होंने डॉक्टरों से सोनोग्राफी कराने की मांग की थी, लेकिन इसे भी सोमवार तक टाल दिया गया। अस्पताल से लौटने के लगभग 10 घंटे बाद ही अष्टमी गोराई को तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई, जिसके बाद परिजन आनन-फानन में दोबारा अस्पताल पहुंचे। दूसरी बार अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद बताया कि नवजात की मौत गर्भ में ही हो चुकी है। इस सूचना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और उन्होंने चिकित्सकीय व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। परिजनों का कहना है कि यदि समय पर सही जांच और सोनोग्राफी कर दी जाती तो बच्चे की जान बचाई जा सकती थी। घटना से आहत सुबल गोराई ने सिविल सर्जन को आवेदन देकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने दोषी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों पर सख्त कार्रवाई करने की भी मांग उठाई है। वहीं भाजपा जिला महामंत्री कमलेश मंडल ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए स्वास्थ्य व्यवस्था को कटघरे में खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि यदि स्वास्थ्य मंत्री के क्षेत्र में ही ऐसी लापरवाही हो रही है तो पूरे राज्य की चिकित्सा व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठता है।उन्होंने सिविल सर्जन से शीघ्र जांच कर दोषियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।साथ ही चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। वही इस मामले पर सिविल सर्जन एस.पी. मिश्रा ने कहा कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जाएगी। जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। मौके पर युवा नेता आकाश साव सहित काफी संख्या में परिजन उपस्थित थे।