सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के आर आई टी थाना क्षेत्र स्थित आसंगी चेक डैम में रविवार दोपहर नहाने के दौरान एन आई टी जमशेदपुर के एक छात्र के डूब जाने से सनसनी फैल गई। डूबे छात्र की पहचान मीर हसन के रूप में हुई है, जो एन आई टी जमशेदपुर के मेटालर्जी विभाग का चौथे वर्ष का छात्र था। वह अपने कुछ साथियों के साथ चेक डैम में नहाने गया था।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना रविवार दोपहर करीब 3 बजे की है। नहाने के दौरान मीर हसन अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।सूचना पर आर आई टी थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू की गई। बाद में स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया, जो देर शाम तक छात्र की तलाश में सर्च ऑपरेशन चला रही थी।इधर, घटना की जानकारी मिलते ही एन आई टी परिसर में छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में छात्र एकत्र होकर जिला प्रशासन और कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे। छात्रों ने नारेबाजी करते हुए मांग की कि छात्र की तलाश के लिए तत्काल प्रभावी अभियान चलाया जाए, पीड़ित परिवार को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए तथा मामले में कॉलेज प्रबंधन की जिम्मेदारी तय करते हुए उचित कार्रवाई की जाए।फिलहाल एनडीआरएफ और प्रशासन की टीम छात्र की तलाश में जुटी हुई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।