सिमरी बख्तियारपुर/सहरसा:सहरसा पुलिस व एसटीएफ की संयुक्त टीम ने मंगलवार देर रात बड़ी सफलता हासिल करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश गौरव मिश्रा उर्फ गौरव झा को गिरफ्तार कर लिया। वह बलवाहाट थाना क्षेत्र के बघवा गांव स्थित अपने ससुराल में छिपकर रह रहा था। बुधवार को बख्तियारपुर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश सोनवर्षा राज थान क्षेत्र के लगमा गांव का निवासी है और उसपर सोनवर्षा राज थाना कांड संख्या 63/25 का मुख्य अभियुक्त है। वह लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी, जिसमें एसटीएफ के साथ साथ पुअनि मु. शुजाउद्दीन, पुअनि अमित कुमार, पुअनि राजू कुमार, विवेक कुमार, सुमन कुमार के अलावे अन्य पुलिस अधिकारी शामिल थे। पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर बलवाहाट थाना क्षेत्र बघवा गांव में छापेमारी कर बदमाश के ससुराल की चारों ओर से घेराबंदी की, जिससे उसे भागने का मौका नहीं मिला और मौके पर ही उसे दबोच लिया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार बदमाश पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। एसडीपीओ ने बताया कि गौरव मिश्रा के खिलाफ सोनवर्षा राज थाना में तीन मामले दर्ज हैं। वह लगमा गांव के एक सुनसान घर से बरामद हथियारों के बड़े जखीरे के मामले में भी मुख्य आरोपित है और इस मामले में भी लंबे समय से फरार था। गिरफ्तारी के बाद बदमाश को कड़ी सुरक्षा के बीच सहरसा न्यायालय में पेश किया गया। प्रेस वार्ता के दौरान सर्किल इंस्पेक्टर मु. शुजाउद्दीन, बलवाहाट थानाध्यक्ष राजू कुमार, बख्तियारपुर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष अमित कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।