सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिला खनन कार्यालय द्वारा जिले के तीन बालू घाटों की ई-नीलामी प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है। इस नीलामी में विभाग को उम्मीद से कहीं अधिक राजस्व प्राप्त हुआ है। तीनों घाटों का कुल रिजर्व प्राइस 2.81 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया था, जबकि नीलामी में 5.82 करोड़ रुपये से अधिक की बोली प्राप्त हुई, जो रिजर्व प्राइस से दोगुने से भी ज्यादा है।
किस घाट के लिए कितनी लगी बोली
बालीडीह (राजनगर) बालू घाट का रिजर्व प्राइस 62.33 लाख रुपये था। इस घाट के लिए एसजी प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड ने 1 करोड़ 43 लाख 37 हजार 350 रुपये की सर्वाधिक बोली लगाकर नीलामी अपने नाम की।
सरजमडीह बालू घाट का रिजर्व प्राइस 60.95 लाख रुपये निर्धारित था। इस घाट के लिए कोरन कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड ने 1 करोड़ 46 लाख 20 हजार 367 रुपये की सबसे ऊंची बोली लगाई।
वहीं यादूडीह बालू घाट के लिए सबसे अधिक प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। 1 करोड़ 58 लाख 27 हजार 651 रुपये के रिजर्व प्राइस वाले इस घाट के लिए एसजी प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड ने 2 करोड़ 92 लाख 81 हजार 162 रुपये की रिकॉर्ड बोली लगाकर इसे हासिल किया।
दोगुना हुआ राजस्व
तीनों घाटों का कुल रिजर्व प्राइस 2 करोड़ 81 लाख 55 हजार 852 रुपये था, जबकि कुल 5 करोड़ 82 लाख 38 हजार 879 रुपये की बोली प्राप्त हुई। इससे जिला प्रशासन और खनन विभाग को राजस्व के रूप में बड़ी सफलता मिली है।
अवैध खनन पर लगेगी लगाम
जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपति ने बताया कि सफल बोलीदाताओं को पर्यावरणीय स्वीकृति एवं अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद घाटों का संचालन सौंपा जाएगा।उन्होंने कहा कि वैध रूप से बालू घाटों के संचालन से सरकारी राजस्व में वृद्धि होगी तथा जिले में अवैध बालू खनन और अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण लगाने में मदद मिलेगी।खनन विभाग की इस सफल ई-नीलामी को जिले में खनिज संसाधनों के पारदर्शी और व्यवस्थित प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।