बिद्युत महतो / रफ्तार मीडिया संवाददाता, ईचागढ़
सरायकेला-खरसावाँ जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने को लेकर उत्पाद विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। उपायुक्त सरायकेला-खरसावाँ के निर्देश तथा उत्पाद अधीक्षक के नेतृत्व में प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर जिलेभर में विशेष छापामारी अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में नीमडीह थाना क्षेत्र के बेड़ेदा एवं केंदडीह गांव में उत्पाद विभाग की टीम ने विशेष छापेमारी अभियान संचालित किया। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त कुल तीन चुलाई भट्टियों का पता लगाकर उन्हें मौके पर ही ध्वस्त कर दिया गया।
छापेमारी के दौरान टीम ने करीब 500 किलोग्राम जावा महुआ भी बरामद किया, जिसका उपयोग अवैध शराब निर्माण में किया जा रहा था। बरामद सामग्री को झारखंड उत्पाद अधिनियम एवं लागू विधिक प्रावधानों के तहत जब्त कर नियमानुसार नष्ट कर दिया गया।
उत्पाद विभाग ने बताया कि अवैध चुलाई अड्डों के संचालकों एवं इस गतिविधि में संलिप्त लोगों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आगे भी लगातार सघन अभियान जारी रहेगा। साथ ही चेतावनी दी गई है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन अथवा बिक्री में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।