मोतिहारी/ ओम प्रकाश तिवारी
पूर्वी चंपारण जिले के डुमरियाघाट थाना क्षेत्र के सरैया बड़हरा गांव में जमीन विवाद ने एक परिवार को झकझोर कर रख दिया। अपनी ही मां की धारदार हथियार से हत्या करने के आरोप में पुलिस ने मृतका के छोटे पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। वैज्ञानिक जांच और पूछताछ के बाद पुलिस ने मामले का खुलासा किया।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को सूचना मिली कि पार्वती देवी की सोते समय धारदार हथियार से हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर डुमरियाघाट थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वाड और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को बुलाया गया तथा वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान शुरू किया गया।
पूछताछ में हुआ खुलासा
प्रारंभिक सूचना में मृतका के बड़े पुत्र कमलदेव महतो सहित अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया गया था। हालांकि पुलिस की गहन पूछताछ के दौरान मृतका के छोटे पुत्र धर्मदेव महतो ने हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।
जमीन विवाद बना हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसे आशंका थी कि उसकी मां अपनी जमीन बड़े भाई के नाम कर देंगी। इसी आशंका और जमीन के लालच में उसने गुस्से में अपनी मां की हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से उसने बड़े भाई और अन्य लोगों पर झूठा आरोप लगाया।
गिरफ्तार आरोपी
धर्मदेव महतो, पिता– जिजत महतो, निवासी– सरैया बड़हरा, थाना– डुमरियाघाट, जिला– पूर्वी चंपारण।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।