रफ्तार मीडिया संवाददाता/मिहिजाम

रूपनारायणपुर पुलिस फाड़ी क्षेत्र अंतर्गत पिठाकियारी में शनिवार देर शाम शोक में डूबे एक परिवार के घर पर उपद्रवियों द्वारा कथित हमला किए जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। आरोप है कि करीब दस युवकों ने घर पर ईंट-पत्थर बरसाते हुए मुख्य गेट, दरवाजे, खिड़कियों के शीशे, फूलों के गमले तथा पूजा कक्ष की खिड़की को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के समय घर में केवल दिवंगत चित्तरंजन रेल के सेवानिवृत्त कर्मचारी प्रदीप यादव की पत्नी इंदिरा देवी और एक अन्य महिला मौजूद थीं, जिससे वे दहशत में आ गईं। घटना की सूचना मिलते ही कांग्रेस नेता एवं चित्तरंजन रेलवे मेंस कांग्रेस के सचिव इंद्रजीत सिंह समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर रूपनारायणपुर पुलिस फाड़ी में दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में घटना का कारण स्थानीय क्लब में कैरम खेलने को लेकर हुआ विवाद सामने आया है। वहीं, स्थानीय लोगों ने निष्पक्ष जांच और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है। भाजपा मंडल अध्यक्ष चिन्मय तिवारी ने भी पुलिस से पूरे मामले की जानकारी लेकर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई का आग्रह किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।