हरियाणा के खेल एवं युवा मामले राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खेलों और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार खेलों को लगातार बढ़ावा दे रही हैं।
खेल राज्य मंत्री आज गांव नारनौल के बड़कोदा-बडगांव में प्रस्तावित खेल स्टेडियम की साइट का निरीक्षण करने के बाद लोगों से बातचीत कर रहे थे।
गौतम ने कहा कि खेल सुविधाओं को और अधिक बेहतरीन बनाने के लिए गांव बड़कोदा-बडगांव में लगभग 14 एकड़ भूमि पर एक भव्य जिला स्तरीय खेल स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की ढांचागत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। आज प्रदेश के खिलाड़ी पूरी दुनिया में नाम रोशन कर रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान खेल राज्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 14 एकड़ में बनने वाले इस खेल स्टेडियम का निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि इस स्टेडियम के बनने से न केवल नारनौल, बल्कि पूरे जिले के उभरते खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी, जिससे वे भविष्य में देश के लिए पदक जीत सकें।
इस मौके पर पूर्व मंत्री व नारनौल के विधायक ओम प्रकाश यादव, जिला खेल अधिकारी नरेंद्र कुंडू व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।