सौरभ राय/ रफ्तार मीडिया विशेष संवाददाता
रांची:झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। आगामी राज्यसभा चुनाव के मद्देनजर रविवार को राजधानी रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास में महागठबंधन के वरीय नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान महागठबंधन के दोनों उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए व्यापक रणनीति पर मंथन किया गया तथा नामांकन कार्यक्रम को लेकर भी अंतिम रूपरेखा तय की गई।बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया कि इंडिया गठबंधन के दोनों उम्मीदवार सोमवार, 8 जून को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। गठबंधन की ओर से झामुमो ने बैद्यनाथ राम को उम्मीदवार बनाया है, वहीं कांग्रेस ने प्रणव झा को चुनावी मैदान में उतारने का फैसला लिया है।
*मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन द्वारा दिए महागठबंधन के नेताओं को दिशा निर्देश*
राज्यसभा चुनाव को लेकर चल रही गहमा गहमी के बीच रविवार को मुख्यमंत्री आवास में हुए महागठबंधन के संयुक्त बैठक में राज्य के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सभी जनप्रतिनिधियों से एकजुट होकर चुनाव प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। बैठक में संगठनात्मक समन्वय को मजबूत करने तथा राज्यसभा चुनाव में सत्तारूढ़ दल के प्रत्याशियों की विजय सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए गए।
*शक्ति प्रदर्शन के जरिए एकजुटता का दिया जाएगा संदेश*
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज प्रत्याशियों के नामांकन के दौरान महागठबंधन अपनी ताकत और एकजुटता का प्रदर्शन भी करेगा। नामांकन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कांग्रेस के केंद्रीय पर्यवेक्षक, गठबंधन के मंत्री, विधायक तथा विभिन्न घटक दलों के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। गठबंधन नेतृत्व चाहता है कि नामांकन के अवसर पर एक मजबूत राजनीतिक संदेश दिया जाए कि सभी सहयोगी दल पूरी तरह एकजुट हैं और राज्यसभा चुनाव को लेकर किसी प्रकार की असमंजस की स्थिति नहीं है।बैठक में विधानसभा में उपलब्ध संख्या बल, संभावित समर्थन और मतदान की रणनीति समेत कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। नेताओं ने चुनावी गणित का आकलन करते हुए दोनों उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए समन्वित प्रयासों पर जोर दिया।
*महागठबंधन में मतभेद की अटकलों को किया गया खारिज*
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान राज्यसभा सांसद सरफराज अहमद ने कहा कि इंडिया गठबंधन पूरी तरह एकजुट है और राज्यसभा की दोनों सीटों पर गठबंधन उम्मीदवारों की जीत तय है। उन्होंने कहा कि सभी सहयोगी दल मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं और किसी प्रकार का मतभेद नहीं है। वहीं , राज्य के मंत्री सुदिव्य सोनू से कहा कि महागठबंधन के विधायक और पूरी मजबूती के साथ उम्मीदवारों के पक्ष में खड़े हैं तथा चुनाव परिणाम गठबंधन के पक्ष में आएगा। उन्होंने विपक्ष के दावों को भी खारिज करते हुए कहा कि संख्या बल और राजनीतिक समर्थन दोनों ही गठबंधन के पक्ष में हैं।
*राज्यसभा चुनाव से गरमाई झारखंड की राजनीति*
राज्यसभा चुनाव की घोषणा के बाद से झारखंड की राजनीति में लगातार हलचल बनी हुई है। एक ओर महागठबंधन अपने उम्मीदवारों की जीत को लेकर आश्वस्त नजर आ रहा है, वहीं विपक्षी दल भाजपा भी चुनावी समीकरणों पर पैनी नजर बनाए हुए हैं। हाल के दिनों में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं की बैठकों और गतिविधियों ने चुनावी माहौल को और गर्म कर दिया है।